धरमपुर, 05 मई 2026 — धरमपुर स्थित जल आपूर्ति कार्यालय का आज क्षेत्र के किसानों द्वारा जोरदार घेराव किया गया। किसानों का आरोप है कि उनकी जमीन से पाइपलाइन बिछाने के बदले पिछले तीन वर्षों से मुआवजा नहीं दिया गया है।किसानों के अनुसार वर्ष 2023 में धरमपुर तालुका के नानी ढोल डूंगरी, राजपुर, तलाट, विरवल और खटाणा सहित कई गांवों के लगभग 150 से अधिक किसानों की जमीन से पाइपलाइन डाली गई थी।

उस समय विभाग द्वारा किसानों से जरूरी दस्तावेज तैयार करवाकर जल्द मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया था। इसी भरोसे पर किसानों ने अपनी जमीन देने के लिए सहमति दी थी।हालांकि, तीन साल से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक किसी भी किसान को मुआवजा नहीं मिला है। इस वजह से नाराज किसानों ने आज जल आपूर्ति कार्यालय का घेराव कर अपनी मांगों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।प्रदर्शन के दौरान जिम्मेदार अधिकारी ने किसानों को आश्वासन दिया कि उनके दस्तावेज तैयार कर तत्काल मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

अधिकारियों की इस बात के बाद किसानों ने फिलहाल शांतिपूर्वक विरोध समाप्त किया, लेकिन साथ ही चेतावनी भी दी।किसानों ने साफ कहा कि यदि जल्द ही मुआवजा नहीं दिया गया तो आने वाले दिनों में वे राष्ट्रीय राजमार्ग (NHAI-56) पर चक्का जाम कर आंदोलन को और उग्र करेंगे।इस घटना के बाद प्रशासन पर किसानों की मांगों को जल्द पूरा करने का दबाव बढ़ गया है।
