आहवा (डांग) : डांग जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद की चुनाव प्रक्रिया आज जिला विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जिला सेवा सदन, आहवा में शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने बहुमत के आधार पर जीत दर्ज करते हुए जिला पंचायत पर अपना कब्जा बरकरार रखा।जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर राजेशभाई गामित को विधिवत निर्वाचित घोषित किया गया। जबकि उपाध्यक्ष पद पर उषाबेन धर्मेशभाई पटेल की निर्विरोध व औपचारिक रूप से नियुक्ति की गई। दोनों पदाधिकारियों का चयन डांग जिला पंचायत के निर्वाचित सदस्यों द्वारा किया गया।गौरतलब है कि डांग जिला पंचायत की कुल 18 सीटों में से भाजपा के पास 12 सीटें थीं, जबकि कांग्रेस के खाते में 6 सीटें आई थीं। ऐसे में भाजपा के बहुमत को देखते हुए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा उम्मीदवारों की जीत पहले से लगभग तय मानी जा रही थी।

चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने मिला। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देने के लिए पार्टी नेताओं और समर्थकों का तांता लगा रहा।
