डांग चुनाव 2026 की तैयारी
डांग (आहवा), 24 अप्रैल: गुजरात राज्य में आयोजित होने जा रही स्थानीय स्वराज्य चुनाव-2026 के तहत डांग जिला चुनाव 2026 के लिए भी चुनावी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला चुनाव अधिकारी सुश्री शालिनी दुहाने ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि जिले में पूरी चुनाव प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह से तैयार है।डांग जिला सेवा सदन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं और इसके लिए सभी का सहयोग अपेक्षित है।जिले में 26 अप्रैल 2026 को सुबह 7:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक कुल 337 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। इस दौरान कुल 1,93,588 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे, जिसमें 97,939 पुरुष और 95,647 महिला मतदाता शामिल हैं।चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 2,039 पोलिंग स्टाफ और 717 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा 9 चुनाव अधिकारी और 12 सहायक चुनाव अधिकारी भी निगरानी में रहेंगे।सुरक्षा व्यवस्था के तहत जिले के सभी 337 मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसमें 320 पुलिस जवान, 3 आर्म्ड पुलिस और 394 होमगार्ड/GRD शामिल हैं। साथ ही 68 रूटों पर 79 जोनल अधिकारियों की नियुक्ति भी की गई है।पोलिंग स्टाफ की सुविधा के लिए आहवा, वघई और सुबिर में डिस्पैचिंग और रिसीविंग सेंटर बनाए गए हैं, जहां सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।मतगणना 28 अप्रैल 2026 को आहवा (सरकारी माध्यमिक विद्यालय), वघई (तहसील सेवा सदन) और सुबिर (तहसील सेवा सदन) में आयोजित की जाएगी। इसके लिए भी प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।पूरी चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जिसका नंबर 02631-220347 है।उम्मीदवारों की बात करें तो जिला पंचायत की 18 सीटों के लिए 52 उम्मीदवार, आहवा तालुका पंचायत की 15 सीटों के लिए 32, वघई की 16 सीटों के लिए 40 और सुबिर की 16 सीटों के लिए 44 उम्मीदवार मैदान में हैं।इस प्रेस वार्ता में नायब जिला चुनाव अधिकारी श्री मेहुल खांट सहित अन्य अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
