आहवा | 15 जुलाई 2026 | डांग दर्शन न्यूज़

दक्षिण गुजरात को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से डांग जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) डांग-आहवा की टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आहवा तालुका के अंतर्गत आने वाले चीकटिया गांव के पटेल फलिया क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 692 ग्राम गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक श्रीमती पूजा यादव के मार्गदर्शन एवं एस.ओ.जी. के पी.एस.आई. एम.जी. शेख के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर 14 जुलाई 2026 को एस.ओ.जी. टीम चीकटिया गांव में पेट्रोलिंग एवं निगरानी के दौरान मौजूद थी।

इस दौरान पुलिस ने पटेल फलिया क्षेत्र में एक संदिग्ध युवक की तलाशी ली, जिसके कब्जे से 692 ग्राम सूखा गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹34,600 आंकी गई, तथा ₹100 नकद राशि बरामद की गई। इस प्रकार पुलिस ने कुल ₹34,700 का मुद्देमाल जब्त किया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्कीभाई हरपतभाई पवार (उम्र 25 वर्ष), निवासी चीकटिया पटेल फलिया, तालुका आहवा, जिला डांग के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 8(सी), 20(बी)(ii)(ए) तथा 29 के तहत वघई पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

मामले में संलिप्त एक अन्य आरोपी बयरम टेलर, निवासी सालेर गांव, महाराष्ट्र को फिलहाल वांछित घोषित किया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयासरत हैं।

उल्लेखनीय है कि डांग जिला पुलिस द्वारा “NO DRUGS IN SOUTH GUJARAT” अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और सेवन के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।

हालांकि, गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद अदालत द्वारा उसे जमानत प्रदान किए जाने की जानकारी प्राप्त हुई है।


Publisher & Editor-in-Chief: Bapu Mahala
Dang Darshan News
www.dangdarshannews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Language