डांग (आहवा), 27 जुलाई 2026।.
डांग जिले में लगातार हो रही भारी वर्षा के मद्देनज़र जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्नेहल ठाकरे के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जिला डिजास्टर कंट्रोल रूम तथा मामलतदार कार्यालय का दौरा कर जिले की मौजूदा स्थिति की जानकारी प्राप्त की।

प्रतिनिधिमंडल में तालुका पंचायत प्रमुख वीणाबेन गांगुर्डे, सामाजिक न्याय समिति के अध्यक्ष जिज्ञेशभाई सोलंकी, तालुका सदस्य राकेशभाई पवार तथा जग्गुभाई बागुल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।दौरे के दौरान कांग्रेस नेताओं ने संबंधित अधिकारियों से भारी वर्षा के कारण हुए नुकसान, क्षतिग्रस्त सड़कों, नदी-नालों की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति तथा प्रभावित क्षेत्रों में चल रही प्रशासनिक कार्रवाई की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। साथ ही राहत कार्यों में और तेजी लाने का आग्रह किया।जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्नेहल ठाकरे ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में जिला कांग्रेस समिति जनता के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। यदि किसी भी प्रभावित क्षेत्र में राहत सामग्री, आवश्यक सहायता या अन्य मानवीय सहयोग की आवश्यकता होगी, तो कांग्रेस के कार्यकर्ता प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर हरसंभव सहयोग प्रदान करेंगे।प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन द्वारा किए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की सराहना करते हुए नागरिकों से अपील की कि वे अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में न जाएँ, प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत जिला प्रशासन या डिजास्टर कंट्रोल रूम से संपर्क करें। राज्य सरकार और जिला प्रशासन भी लगातार वर्षा की स्थिति पर निगरानी बनाए हुए हैं तथा राहत कार्य जारी हैं।

