डांग : डांग जिले के मुख्यालय आहवा स्थित सिविल अस्पताल की स्थिति अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है। स्वास्थ्य सेवा का प्रमुख केंद्र माने जाने वाला यह अस्पताल इन दिनों गंदगी का अड्डा बनता जा रहा है। अस्पताल परिसर और दीवारों पर चारों ओर अस्वच्छता फैली हुई है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।सबसे अधिक आपत्तिजनक बात यह है कि अस्पताल की दीवारों पर बने धार्मिक प्रतीकों—जैसे ओम, क्रॉस, चांद-तारे आदि—पर असामाजिक तत्वों द्वारा पान-मसाले की पिचकारियां मारी गई हैं। यह न केवल स्वच्छता नियमों का उल्लंघन है, बल्कि धार्मिक भावनाओं और सामाजिक मूल्यों का भी गंभीर अपमान है।इस पूरे मामले में अस्पताल प्रशासन की लापरवाही भी स्पष्ट नजर आती है। स्वच्छता के लिए लगाए गए सूचना बोर्ड केवल दिखावा बनकर रह गए हैं, जबकि निगरानी और सख्त कार्रवाई का पूरी तरह अभाव है। स्थानीय नागरिकों में सवाल उठ रहा है कि अब तक ऐसे कृत्य करने वालों के खिलाफ कोई ठोस कदम क्यों नहीं उठाया गया।जनता की मांग है कि अस्पताल परिसर में CCTV कैमरों के माध्यम से कड़ी निगरानी की जाए, गंदगी फैलाने वालों पर भारी जुर्माना लगाया जाए और धार्मिक प्रतीकों वाली दीवारों की तुरंत सफाई कराई जाए। यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ उच्चस्तरीय जांच की मांग और तेज हो सकती है।
