डांग : 01 जुलाई 2026 : डांग जिले के वघई–सापुतारा अंतरराज्यीय राजमार्ग पर स्थित बाज गांव के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, GJ-30-C-7762 नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार युवक वघई तहसील के नानी दाबदर गांव का निवासी था। वह वघई–सापुतारा मार्ग से गुजर रहा था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और तत्काल वघई पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर वघई पुलिस थाना के पी.आई. ए. ए. चावड़ा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू की।पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।बारिश के मौसम में वघई–सापुतारा मार्ग पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें।
