डांग : डांग जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सापुतारा में आज एक गंभीर सड़क दुर्घटना घटित हुई, जिसमें सौभाग्यवश बड़ी जनहानि टल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के धुलिया जिले से लगभग 18 पर्यटक एक टेम्पो ट्रैवलर में सवार होकर सापुतारा भ्रमण हेतु आए थे।घटना उस समय हुई जब वाहन टेबल पॉइंट से नीचे उतर रहा था। अचानक टेम्पो ट्रैवलर की ब्रेक फेल हो गई। जिससे चालक का वाहन पर से नियंत्रण छूट गया। अनियंत्रित वाहन पास स्थित रोपवे केबिन से जा टकराया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि यदि वाहन कुछ और आगे बढ़ जाता तो वह सीधे गहरी खाई में गिर सकता था और बड़ा हादसा हो सकता था।सौभाग्य से रोपवे केबिन से टकराने के बाद वाहन वहीं रुक गया, जिससे संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।इस हादसे में कुल 18 यात्री घायल हुए हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि सभी घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। सभी को तुरंत सापुतारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर दुर्घटना की जांच प्रारंभ कर दी है।वीकेंड के दौरान पर्यटकों की भारी भीड़ के बीच घटी इस घटना ने पहाड़ी क्षेत्रों में वाहनों की तकनीकी जांच, विशेषकर ब्रेक सिस्टम की नियमित जांच की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर किया है। प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Language