डांग : डांग जिले के वघई तालुका अंतर्गत बोरीगावठा गांव क्षेत्र में लकड़ी चोरी रोकने के दौरान अज्ञात लकड़ी चोरों ने वन विभाग के एक रोजमदार कर्मचारी पर घातक हमला कर दिया। इस हमले में वनकर्मी की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल फैल गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना दिनांक 31/01/2026 की रात 01:21 से 02:00 बजे के दौरान बोरीगावठा गांव के आंबावाड़ी फळिया क्षेत्र में, मोतीरामभाई भीकलभाई चौधरी के खेत में स्थित झोपड़ी के पास सार्वजनिक सड़क पर घटी। लकड़ी की अवैध चोरी कर रहे तीन अज्ञात व्यक्तियों को रोकने का प्रयास करते समय आरोपियों ने वनकर्मी पर जानलेवा हमला किया।मृतक की पहचान रोजमदार वनकर्मी सनतभाई गनसुभाई बीरारी, निवासी वांझटा आंबा, तहसील वघई, जिला डांग के रूप में हुई है। आरोपियों ने अपने पास मौजूद लकड़ी तथा अन्य किसी धारदार हथियार से सनतभाई के सिर और माथे पर गंभीर वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।इस मामले में वघई रेंज फॉरेस्ट कार्यालय में कार्यरत हरेशकुमार रणछोड़भाई चौधरी (उम्र 33 वर्ष) द्वारा वघई पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने तीन अज्ञात लकड़ी चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपियों के नाम-पते अज्ञात हैं।घटना की गंभीरता को देखते हुए वघई पुलिस थाने के पी.एस.आई. एम.एस. राजपूत एवं पी.आई. वी.के. गढ़वी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की तलाश के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। वनकर्मी की निर्मम हत्या से वन विभाग सहित पूरे डांग जिले में शोक और रोष व्याप्त है।
मृतक : सनतभाई बिरारी 