डांग : डांग पुलिस कक्ष से प्राप्त विवरण के अनुसार डांग जिले के वघई पुलिस स्टेशन क्षेत्र में वन विभाग के कर्मचारी की नृशंस हत्या के मामले में वघई पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए मात्र कुछ ही दिनों में अपराध का पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।माननीय पुलिस महानिरीक्षक प्रेमवीरसिंह साहेब (सूरत रेंज) तथा डांग-आहवा की पुलिस अधीक्षक सुश्री पूजा यादव साहेब के सतत मार्गदर्शन एवं उप पुलिस अधीक्षक के.आर. डिमरी साहेब की देखरेख में यह बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। दिनांक 31/01/2026 की रात्रि को बोरिगांवठा गांव में घटित हत्या की गुत्थी को वघई पुलिस ने सुलझा लिया है।

घटना का विवरण : मृतक सनतभाई गणसुभाई बीरारी (उम्र 53 वर्ष), निवासी वांझटआंबा, वन विभाग में स्थायी रोजमदार कर्मचारी थे और उनकी ड्यूटी बारखांध्या वन नाका पर थी। ड्यूटी पूरी कर घर लौटते समय रात्रि लगभग 1:30 बजे बोरिगांवठा गांव के आंबली फळिया क्षेत्र में तीन साइकिलों पर अवैध रूप से सागवान की लकड़ी ले जा रहे तीन लकड़ाचोरों को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपियों ने विवाद कर बांस के डंडों से सिर व माथे पर प्रहार कर सनतभाई की निर्मम हत्या कर दी और फरार हो गए।इस संबंध में वनरक्षक हरेशकुमार रणछोड़भाई चौधरी द्वारा वघई पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता-2023 की धारा 103(1), 54 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस की कार्रवाई : घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस अधीक्षक द्वारा स्वयं घटनास्थल का दौरा किया गया। एलसीबी तथा स्थानीय पुलिस की कुल 10 टीमें गठित कर तकनीकी सर्विलांस, ड्रोन कैमरे, ह्यूमन इंटेलिजेंस, लकड़ी तस्करों के नेटवर्क एवं पुराने अपराधियों के modus operandi के आधार पर जांच की गई। लगभग 100 पुलिसकर्मी, होमगार्ड एवं जीआरडी जवानों ने सघन सर्च ऑपरेशन चलाया।गिरफ्तार आरोपी : 1.प्रविणभाई उर्फ परेशभाई सोमाभाई पवार (उम्र 21), निवासी कोसीमपातळ, वघई–डांग, 2. हेमंतभाई सुतारावभाई मोताभाई (उम्र 20), निवासी कोसीमपातळ, वघई – डांग, 3. ऋत्विकभाई मंजुभाई पवार (उम्र 22), निवासी कोसीमपातळ, वघई- डांग,

अपराध का उद्देश्य : आरोपियों ने अवैध सागवान लकड़ी काटकर चोरी-छिपे ले जाते समय पकड़े जाने के डर से आर्थिक नुकसान से बचने हेतु वनकर्मी की हत्या की थी।

प्रशंसनीय पुलिस टीम : वघई पुलिस स्टेशन व एलसीबी की संयुक्त टीम द्वारा की गई इस उत्कृष्ट कार्रवाई की माननीय पुलिस महानिरीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा व्यक्तिगत रूप से सराहना कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Language