डांग : (01-02-2026) : डांग जिले में वन संपदा की चोरी करने वाले तस्करों के खिलाफ उत्तर डांग वन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। उत्तर डांग, आहवा के उप वन संरक्षक (DCF) मुरलीलाल मीणा को मिली पुख्ता सूचना के आधार पर उनके मार्गदर्शन में शिंगाणा रेंज के आर.एफ.ओ. एम.के. गायकवाड तथा सुबीर रेंज के आर.एफ.ओ. प्रीतेशभाई गामित की संयुक्त टीमों द्वारा रात्रि के समय सघन निगरानी एवं कॉम्बिंग पेट्रोलिंग की गई।रात करीब 10:00 बजे के आसपास जब वन विभाग की टीम शिंगाणा से गीरमाल की ओर जाने वाले मार्ग पर गश्त कर रही थी, उसी दौरान एक संदिग्ध महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन (नं. GJ-19/V-1023) गुजरता दिखाई दिया। वन कर्मियों द्वारा वाहन को रोकने का संकेत दिए जाने के बावजूद चालक ने पकड़ में आने के डर से वाहन को तेज गति से भगा लिया।वन विभाग की टीम ने साहस दिखाते हुए फिल्मी अंदाज में वाहन का पीछा किया। शिंगाणा गांव की सीमा के पास वन कर्मियों द्वारा चारों ओर से घेराबंदी किए जाने पर आरोपी वाहन को सड़क पर ही लावारिस छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल क्षेत्र में फरार हो गए।

घटनास्थल पर वाहन की तलाशी लेने पर उसमें अवैध रूप से परिवहन की जा रही कीमती खैर लकड़ी के कुल 22 नग (1.617 घन मीटर) बरामद किए गए। वन विभाग द्वारा वाहन सहित लकड़ी का पूरा जखीरा जब्त कर लिया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹1,45,000/- बताई जा रही है।यह पूरी सफल कार्रवाई शिंगाणा रेंज के आर.एफ.ओ. एम.के. गायकवाड एवं सुबीर रेंज के आर.एफ.ओ. प्रीतेश गामित के नेतृत्व में की गई। मामले में वन विभाग द्वारा राज्य अपराध क्रमांक 5 (सन् 2025-26) के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फिलहाल फरार अज्ञात आरोपियों की सघन तलाश जारी है।उत्तर डांग वन विभाग की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय लकड़ी तस्करों में भारी खलबली मच गई है।
