डांग (गुजरात), 26 मार्च 2026 : दक्षिण डांग वन विभाग की टीम ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वघई रेंज के भुरभेंडी गांव के पास खैर की लकड़ियों से भरी एक बोलेरो पिकअप वाहन जब्त की है।

इस कार्रवाई में कुल ₹2.95 लाख का मुद्दामाल जब्त किया गया है, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया।मिली जानकारी के अनुसार, नायब वन संरक्षक (DCF) नीरज कुमार के मार्गदर्शन में वघई रेंज के आरएफओ डी.के. रबारी की टीम को सूचना मिली थी कि महाराष्ट्र-गुजरात सीमा के पास अवैध लकड़ी की तस्करी होने वाली है।

इस सूचना के आधार पर 25 मार्च 2026 को भुरभेंडी क्षेत्र में निगरानी रखी गई।इसी दौरान एक बोलेरो पिकअप (MH 04 HD 7786) संदिग्ध रूप से गुजरती दिखाई दी। वन विभाग की टीम ने वाहन का पीछा किया, लेकिन चालक ने भुरभेंडी-पंगारने रोड पर गाड़ी छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।जांच के दौरान वाहन से 26 नग खैर की लकड़ियां (लगभग 1.378 घन मीटर) बरामद की गईं, जिनकी अनुमानित कीमत ₹45,000 है। साथ ही पिकअप वाहन की कीमत लगभग ₹2.50 लाख आंकी गई है। इस तरह कुल ₹2.95 लाख का मुद्दामाल जब्त किया गया।वन विभाग ने इस मामले में मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश के साथ लकड़ी के स्रोत की जांच तेज कर दी गई है।
