सरकारी अनाज से भरे ट्रक चोरी मामले में अंतरराज्यीय गिरोह का एक साल से फरार आरोपी गिरफ्तार।
डांग : डांग जिला पुलिस अधीक्षक पूजा यादव द्वारा जिले में दर्ज गंभीर अपराधों के वांछित एवं फरार आरोपियों को शीघ्र पकड़ने के सख्त निर्देश दिए गए थे। इन निर्देशों के तहत उप पुलिस अधीक्षक के.आर. डिमरी के मार्गदर्शन में वघई पुलिस स्टेशन ने सरकारी अनाज चोरी के एक गंभीर मामले में अहम सफलता हासिल की है।वघई पुलिस स्टेशन में पूर्व में दर्ज सरकारी अनाज के गोदाम के पास से अनाज से भरे ट्रक एवं अपराध में प्रयुक्त ट्रक की चोरी के मामले में पिछले एक वर्ष से फरार चल रहे अंतरराज्यीय गिरोह के वांछित आरोपी मैफूज अब्दुलहई खान (उम्र 24 वर्ष), पेशा – ड्राइवर, निवासी – अलावलपुर, मऊ आइमा, इलाहाबाद, उत्तरप्रदेश की तलाश जारी थी।इस दौरान वघई पुलिस निरीक्षक वी.के. गढ़वी को तकनीकी एवं मानव स्रोत के आधार पर आरोपी के सूरत ग्रामीण जिले के पलसाना क्षेत्र में होने की पुख्ता जानकारी मिली। तत्काल कार्रवाई करते हुए वघई पुलिस उप निरीक्षक एम.एस. राजपूत के नेतृत्व में टीम को पलसाना भेजा गया, जहां से आरोपी को गिरफ्तार कर वघई पुलिस स्टेशन लाया गया और कानूनी प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार किया गया।जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी एवं उसके पहले से गिरफ्तार साथियों ने उत्तरप्रदेश के सैयदराजा पुलिस स्टेशन क्षेत्र से एक ट्रक की लूट की थी। लूटे गए ट्रक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर दिनांक 24/12/2024 को महाराष्ट्र के नाशिक जिले के देवला पुलिस स्टेशन क्षेत्र से ट्रक में भरी 2523 क्विंटल मक्का (कीमत लगभग ₹6,17,000) को अवैध रूप से बिक्री हेतु सूरत ग्रामीण के मांडवी ले जाया गया था।इस मामले में देवला पुलिस स्टेशन (महाराष्ट्र) में भी आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज होने के कारण वह वहां भी वांछित था।वर्तमान में वघई पुलिस ने दो गंभीर मामलों में वांछित अंतरराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
