एक ही पार्टी में दो गुट आमने-सामने, 15 अप्रैल को नाम वापसी के दिन साफ होगी स्थिति।
डांग | 13 अप्रैल 2026: गुजरात के डांग जिले के वघई तालुका पंचायत की दगडीयाआंबा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के भीतर चल रही अंदरूनी खींचतान अब खुलकर सामने आ गई है और यह मामला राजनीतिक टकराव में बदल गया है।

भाजपा द्वारा वघई तालुका पंचायत के पूर्व अध्यक्ष चंदरभाई गवित की पत्नी वनिताबेन गवित को इस सीट पर आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया गया है। हालांकि, इसी सीट पर पूर्व डांग जिला पंचायत अध्यक्ष के गुट द्वारा एक डमी उम्मीदवार उतार दिए जाने से विवाद गहरा गया है।सोमवार को वघई में भाजपा जिला संगठन अध्यक्ष की उपस्थिति में दगड़आंबा सीट को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान तीखी बहस और तनावपूर्ण माहौल बन गया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि गरमा-गरमी के बीच पूर्व तालुका पंचायत अध्यक्ष चंदरभाई गवित को अचानक दौरा (खेंच) पड़ गया, जिसके बाद उन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। दगडीयाआंबा सीट पर फिलहाल भाजपा के दो प्रभावशाली गुट आमने-सामने हैं, जिससे “एक ही पार्टी में दो मोर्चे” जैसी स्थिति बन गई है।दोनों पक्ष अपने-अपने उम्मीदवार को मैदान में बनाए रखने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं। अब 15 अप्रैल को नाम वापसी के दिन यह स्पष्ट होगा कि आखिर कौन मैदान में टिकता है और कौन पीछे हटता है।यह सीट भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन चुकी है। डमी उम्मीदवार के चलते पार्टी के भीतर दरार साफ नजर आ रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस सीट पर हाई-वोल्टेज सियासी मुकाबला देखने को मिलेगा।
