डांग : डांग जिले के आहवा–वघई मार्ग पर घोघली बस स्टॉप के पास गत शुक्रवार रात लगभग 8:30 बजे एक गंभीर सड़क हादसा हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक क्रमांक GJ 15 AL 3250 अंधेरे में सड़क के बीच चल रहे एक सांड (पाड़ा) से टकरा गई।टक्कर इतनी तेज थी कि सांड को गंभीर चोटें आईं और उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।

वहीं बाइक चालक रविंद्रभाई शरदभभाई गावित (उम्र लगभग 25 वर्ष, निवासी मुलचोंड, तहसील आहवा – डांग) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।दुर्घटना के बाद मृत सांड सड़क के बीच पड़े रहने से आहवा–वघई मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही आहवा के आंबापाड़ा क्षेत्र के सेवाभावी समूह के योगेशभाई चौधरी अपनी टीम के साथ जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंचे। टीम द्वारा मृत पशु को सड़क से हटाकर यातायात पुनः सुचारू कराया गया।स्थानीय लोगों ने रात के समय सड़कों पर आवारा पशुओं की समस्या को गंभीर बताते हुए प्रशासन से आवश्यक और ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
